UP By elections update : उपचुनाव: भाजपा चार सीटों पर, सपा-बसपा की एक-एक पर बढ़त

लखनऊ। प्रदेश में विधान सभा की रिक्त हुई सात सीटों पर हुए उपचुनाव के लिये मंगलवार को मतगणना जारी है। भारत निर्वाचन आयोग के मुताबिक इनमें भाजपा चार सीटों पर, सपा-बसपा एक-एक पर तथा एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार ने बढ़त बनाई हुए हैं। पिछली बार इन सात में से मल्हनी सीट सपा के पास थी जबकि छह सीटों पर भाजपा का कब्जा था।
कानपुर नगर की सुरक्षित सीट 218-घाटमपुर (सुरक्षित) से अब बसपा उम्मीदवार ने बढ़त बना ली है। यहां बसपा के कुलदीप संखवार ने भाजपा के उपेन्द्र नाथ पासवान को पीछे करते हुए अपनी बढ़त बना ली है। बसपा उम्मीदवार 172 वोट से आगे चल रहे हैं।
जौनपुर की 367-मल्हनी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार धनंजय सिंह सपा को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। हर राउंड के बाद मुकाबला रोचक होता नजर आ रहा है। सपा उम्मीदवार के आगे चलने के बाद अब धनंजय सिंह ने बढ़त बना ली है।
यहां भाजपा चौथे स्थान पर खिसक गई है।
फिरोजाबाद की सुरक्षित सीट 95-टूंडला (सुरक्षित) से दूसरे चरण की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार प्रेमपाल सिंह धनगर 684 वोट से आगे चल रहे हैं। धनगर को 3,933, सपा के महाराज सिंह धनगर को 3,249 और बसपा के संजीव चक को 2,218 मत मिले।
देवरिया की सदर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की मतगणना में तीसरे चरण में भी भाजपा ने बढ़त बना रखी है। भाजपा उम्मीदवार सत्यप्रकाश मणि अपने निकटतम उम्मीदवार सपा प्रत्याशी ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी से आगे चल रहे हैं। दूसरे राउंड की मतगणना में भाजपा उम्मीदवार को 1,924, सपा को 1,292 व बसपा को 840 मत मिले। इसके बाद तीसरे रांउड में भी भाजपा उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
इसी तरह उन्नाव की 162-बांगरमऊ से चौथे चरण की मतगणना में भी भाजपा की बढ़त बरकरार है। पार्टी उम्मीदवार श्रीकान्त कटियार समाजवादी पार्टी के सुरेश कुमार पाल से बढ़त बनाए हुए हैं। भाजपा उम्मीदवार 2,000 वोटों से फिलहाल आगे चल रहे हैं।
अमरोहा जनपद की 40-नौगांव सदात से समाजवादी पार्टी के जावेद अब्बास फिलहाल भारतीय जनता पार्टी के संगीता चौहान से आगे चल रहे हैं।
जनपद बुलन्दशहर की 65-बुलन्दशहर से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार उषा सिरोही बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद यूनुस से आगे चल रही हैं।
उपचुनाव में अमरोहा जनपद की 40-नौगांव सदात से 14, जनपद बुलन्दशहर की 65-बुलन्दशहर से 18, फिरोजाबाद की सुरक्षित सीट 95-टूंडला (सुरक्षित) से 10, उन्नाव की 162-बांगरमऊ से 10, कानपुर नगर की सुरक्षित सीट 218-घाटमपुर (सुरक्षित) से 06, जनपद देवरिया की 337-देवरिया से 14 तथा जौनपुर की 367-मल्हनी सीट से 16 उम्मीदवार मैदान में हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन से रिक्त हुई नौगांव-सादात सीट पर भाजपा से उनकी पत्नी संगीता चौहान, कांग्रेस से कमलेश सिंह, सपा से जावेद अब्बास, बसपा से फुरकान और राकांपा से हशमत अली समेत अन्य उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वहीं एक अन्य मंत्री कमल रानी वरुण के निधन के रिक्त हुई घाटमपुर सीट पर भाजपा से उपेंद्र नाथ पासवान, सपा से इंद्रजीत कोरी, बसपा से कुलदीप संखवार और कांग्रेस से डॉ कृपा शंकर उम्मीदवार हैं।
इसके अलावा विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक रहे वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन के बाद भाजपा ने बुलंदशहर सीट पर सिरोही की पत्नी ऊषा सिरोही, बसपा ने मोहम्मद युनूस, कांग्रेस ने सुशील चौधरी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने योगेंद्र शंकर शर्मा, आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन ने दिलशाद अहमद और राष्ट्रीय लोकदल ने प्रवीण कुमार सिंह को मौका दिया है। समाजवादी पार्टी ने इस सीट पर राष्ट्रीय लोकदल को समर्थन दिया है।
उन्नाव की बांगरमऊ सीट पर कांग्रेस से आरती बाजपेयी, बहुजन समाज पार्टी से महेश प्रसाद और भाजपा से श्रीकांत कटियार चुनाव मैदान में हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ने यहां सुरेश कुमार पाल को मैदान में उतारा है। बांगरमऊ सीट विधायक कुलदीप सेंगर के सजायाफ्ता होने से रिक्त हुई है।
भाजपा विधायक जनमेजय सिंह के निधन से रिक्त हुई देवरिया सीट पर पार्टी से सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, समाजवादी पार्टी से ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी, बहुजन समाज पार्टी से अभय नाथ त्रिपाठी और कांग्रेस से मुकुंद भाष्कर तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से अशोक यादव चुनाव मैदान में हैं। देवरिया में भाजपा से टिकट न मिलने पर जनमेजय के पुत्र अजय प्रताप सिंह उर्फ पिंटू निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के विधायक पारसनाथ यादव के निधन से रिक्त हुई मल्हनी सीट पर सपा ने लकी यादव, भारतीय जनता पार्टी ने मनोज कुमार सिंह, बहुजन समाज पार्टी ने जयप्रकाश दुबे, कांग्रेस ने राकेश मिश्र और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने सतीश चंद्र उपाध्याय को मौका दिया है। मल्हनी सीट पर पूर्व सांसद धनंजय सिंह भी किस्मत आजमा रहे हैं।
भाजपा सरकार में मंत्री रहे एसपी सिंह बघेल के आगरा से सांसद बनने के बाद रिक्त हुई टूंडला सीट पर भाजपा से प्रेम पाल सिंह धनगर, समाजवादी पार्टी से महराज सिंह धनगर और बहुजन समाज पार्टी से संजीव चक मैदान में हैं। यहां कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन पहले ही निरस्त हो गया था।