प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा पर यूक्रेन का कड़ा विरोध, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया चिंताजनक

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस यात्रा को निराशाजनक और चिंताजनक बताते हुए कहा कि पीएम मोदी की मॉस्को यात्रा शांति प्रयासों के लिए बड़ा झटका है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रूस यात्रा पर यूक्रेन ने कड़ा विरोध जताया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस यात्रा को निराशाजनक और चिंताजनक बताते हुए कहा कि पीएम मोदी की मॉस्को यात्रा शांति प्रयासों के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने कहा कि जब पीएम मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात कर रहे थे, उसी समय रूसी मिसाइलें यूक्रेन पर हमला कर रही थीं। रूस कीव में बच्चों के अस्पताल को निशाना बना रहा था।

सोमवार को पीएम मोदी ने पुतिन से उनके आवास पर मुलाकात की थी, और उसी दिन सुबह रूसी मिसाइलों ने यूक्रेन के शहरों पर हमला किया, जिसमें कम से कम 37 लोग मारे गए और 170 अन्य घायल हुए। जेलेंस्की ने पीएम मोदी की आलोचना करते हुए कहा, “दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के नेता को मॉस्को में दुनिया के सबसे खूनी अपराधी को गले लगाते हुए देखना निराशाजनक है। यह शांति प्रयासों के लिए भी झटका है।”

रूसी हमलों की बढ़ती तीव्रता
जेलेंस्की ने अपने एक्स पोस्ट में बताया कि जब मोदी रूस पहुंचे थे, उसी समय रूस ने यूक्रेन के 5 शहरों पर 40 से ज्यादा मिसाइलें दागी थीं, जिससे यूक्रेन को भारी नुकसान हुआ। इससे पहले की रिपोर्ट्स में कहा गया था कि रूस ने 24 घंटों में यूक्रेन पर 55 बार से अधिक एयरस्ट्राइक की है, जिसमें कम से कम 11 लोगों की जान गई और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए।

भारत का युद्ध पर रुख
भारत ने हमेशा यूक्रेन युद्ध को लेकर बातचीत और कूटनीति से समाधान की बात की है और कभी भी हमले का समर्थन नहीं किया है। पीएम मोदी ने भी मॉस्को में राष्ट्रपति पुतिन के साथ अनौपचारिक बैठक में कहा कि युद्ध के मैदान पर कोई समाधान नहीं खोजा जा सकता है। भारत हमेशा क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता सहित संयुक्त राष्ट्र चार्टर का सम्मान करने के पक्ष में रहा है। किसी भी मसले का हल युद्ध के मैदान पर नहीं, बल्कि बातचीत और कूटनीति से ही निकल सकता है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने पीएम मोदी की मॉस्को यात्रा पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह शांति प्रयासों के लिए बड़ा झटका है और पुतिन को खूनी अपराधी बताया।

Related Articles

Back to top button