गोरखपुर-बस्ती मंडल में योगी सरकार के 5 मंत्रियों और स्वामी प्रसाद मौर्य की साख दांव पर
इन दोनों मंडलों की 41 सीटें भी शामिल, इन सीटों पर कांटे की लड़ाई

यूपी विधानसभा चुनाव 2022 के लिए छठे चरण के मतदान में गोरखपुर और बस्ती मंडल में योगी सरकार के पांच मंत्रियों की साख दांव पर लगी है। कल यूपी के 10 जिलों में जिन 57 सीटों के लिए मतदान होना है उनमें इन दोनों मंडलों की 41 सीटें भी शामिल हैं। इन सीटों पर कांटे की लड़ाई बताई जा रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमण्डल में इन दोनों मण्डल से कुल छह विधायक मंत्री बने थे। प्रदेश के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद कुशीनगर की पडरौना सीट से विधायक थे लेकिन मौर्य भाजपा को छोड़ कर इस बार फिलहाल फाजिलनगर से सपा के टिकट से प्रत्याशी हैं।
सूर्य प्रताप शाही पथरदेवा सीट
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही देवरिया जिले की पथरदेवा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। सपा ने ब्रह्माशंकर त्रिपाठी को मैदान में उतारा है। शाही और त्रिपाठी के बीच इससे पहले आठ बार मुकाबला हो चुका है। यहां दोनों के बीच एक बार फिर कड़ी लड़ाई होने की संभावना है। कांग्रेस ने अंबर और बसपा ने परवेज आलम को प्रत्याशी बना इस चुनावी अखाड़े में उतारा है।
जयप्रकाश निषाद रुद्रपुर विधानसभा सीट
प्रदेश के राज्यमंत्री जयप्रकाश निषाद देवरिया जिले की रुद्रपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी है। उनके सामने सपा से रामभुआल निषाद, कांग्रेस से अखिलेश सिंह और बसपा ने पूर्व विधायक सुरेश तिवारी प्रत्याशी बना मुकाबले में उतरा है। सुरेश तिवारी बरहज से भाजपा विधायक लेकिन मनचाही जगह से टिकट नहीं मिलने पर बसपा के हाथी पर सवार हो गए।
जयप्रताप सिंह बांसी सीट
सिद्धार्थनगर की बांसी सीट से प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह आठवीं बार विधायक के लिए मैदान में उतरे हैं। सपा ने जिला पंचायत चुनाव में चर्चा में आए मोनू दूबे को तो कांग्रेस ने किरन शुक्ला और बसपा ने राधेश्याम पांडेय को उनके मुकाबले प्रत्याशी बनाया है।
श्रीराम चौहान खजनी सीट
गोरखपुर की खजनी सीट से प्रदेश के राज्यमंत्री श्रीराम चौहान चुनाव लड़ रहे हैं। संतकबीरनगर की घनघटा (सुरक्षित) सीट से विधायक हैं लेकिन इस बार उनकी सीट बदल गई है। बसपा ने उनके समक्ष विद्यासागर, सपा ने रूपावती और कांग्रेस ने रजनी को प्रत्याशी बना मुकाबले में उतारा है।
डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी इटवा सीट
सिद्धार्थनगर की इटवा सीट से प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. सतीश चन्द्र द्विवेदी फिर चुनाव मैदान में हैं। उनके सपा के दिग्गज विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय चुनौती दे रहे हैं। बसपा ने हरिशंकर सिंह और कांग्रेस ने खुर्शीद अहमद को मुकाबले में खड़ा किया है।