विद्यालय के कर्मचारी ने तेजाब डालने की धमकी देकर महिला से किया रेप..

छत्तीसगढ़– छत्तीसगढ़ के दुर्ग में एक स्कूल के बाबू ने महिला के साथ उसे उसके बच्चों को तेजाब से जला देने की धमकी देकर बलात्कार किया। महिला आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर चार महीने से दुर्ग पुलिस के चक्कर काट रही थी, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। जब महिला न्याय की गुहार लगाते हुए कोर्ट पहुंची तो मोहन नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मोहन नगर थाना प्रभारी विपिन रंगारी ने बताया कि एक महिला ने शंकर नगर पानी टंकी दुर्ग के पास रहने वाले सुनील महोबे के खिलाफ अपहरण व बलात्कार का मामला दर्ज कराया है। सुनील महोबे पाटन के निपानी हाईस्कूल में बाबू के पद पर कार्यरत है।
महिला ने बताया कि 8 नवंबर 2022 की दोपहर सुनील उसके घर आया था। उसके हाथ में तेजाब से भरी बोतल थी। उसने महिला को धमकी दी कि वो उसके साथ चले नहीं तो ये तेजाब उसके बच्चों और उसके ऊपर डाल देगा। महिला काफी डर गई थी। इससे वो सुनील की बाइक में बैठ गई। सुनील उसे भिलाई पावर हाउस स्थित साईं होटल ले गया। इसके बाद वो उसे एक कमरे में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया।
सूत्रों के मुताबिक महिला रोजी मजदूरी करती है। उसका पति उसे छोड़ चुका है। उसके साथ दुष्कर्म की घटना होने के बाद ही वो मोहन नगर थाने शिकायत करने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। इसके बाद महिला ने सीएसपी दुर्ग और एसपी दुर्ग के पास भी न्याय की गुहार लगाई थी। जब उसके बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया तो महिला ने कोर्ट जाने की बात कही। महिला के कोर्ट जाते ही मोहन नगर पुलिस ने उसे थाने बुलाया और मामला दर्ज किया। आरोपी सुनील महोबे इससे पहले भी महिला के साथ दुष्कर्म कर चुका है।
इससे पहले आरोपी दुर्ग के तकियापारा स्कूल में पदस्थ था। यहां महिला अपने बच्चे का एडमिशन कराने पहुंची थी। सुनील ने बच्चे का एडमिशन कराने का प्रलोभन देकर उसे बुलाया और फिर उसके साथ बलात्कार किया था। जब सुनील फिर महिला पर दबाव बनाने लगा तो उसने उसके खिलाफ 20 अक्टूबर 2021 को बलात्कार का मामला दर्ज कराया था। पूरे मामले की जांच पड़ताल के बाद अभियुक्त को गिरफ्तार करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।