‘देश को गुमराह कर रहे…’, रवनीत सिंह बिट्टू का चन्नी पर पलटवार, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

लोकसभा में गुरुवार (25 जुलाई) को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर तीखा हमला किया।

लोकसभा में गुरुवार (25 जुलाई) को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर तीखा हमला किया। इस बयान के जवाब में केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने पलटवार करते हुए चन्नी पर देशद्रोही की तरह व्यवहार करने का आरोप लगाया। बिट्टू ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर चन्नी के साथ-साथ कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर भी निशाना साधा।

बिट्टू ने कहा, ‘आज (25 जुलाई) एक पूर्व मुख्यमंत्री देशद्रोही की तरह व्यवहार कर रहे हैं और देश को गुमराह कर रहे हैं। चन्नी ने कहा कि किसानों पर एनएसए (National Security Act) लगाया गया है, जबकि एनएसए तो उन पर लगाया गया है जो देश और पंजाब को तोड़ना चाहते थे।’

राहुल गांधी पर भी साधा निशाना

रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, ‘राहुल गांधी सामने बैठकर पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी से ये बात बुलवा रहे थे कि किसानों पर एनएसए लगा हुआ है। जब उनसे हम लोगों ने सदन में सबूत मांगे और पूछा कि बताओ कौन से चार किसानों पर एनएसए लगा है, तो वे बैकफुट पर चले गए और उनके पास कोई जवाब नहीं था।’

कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक हुए शर्मसार

केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कांग्रेस और गठबंधन (INDIA Alliance) पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने झूठे बयान से कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को शर्मसार किया है।

चन्नी ने बिट्टू पर किया था वार

लोकसभा में गुरुवार (25 जुलाई) को केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बीच तीखी नोकझोंक के बाद सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी। चरणजीत सिंह चन्नी ने रवनीत सिंह बिट्टू के पिता की शहादत का भी जिक्र किया। चन्नी ने कहा, ‘आपके पिताजी शहीद हुए थे, लेकिन मैं आपको बता दूं कि वह उस दिन मरे, जिस दिन आपने कांग्रेस छोड़ी थी।’

Related Articles

Back to top button