प्रयागराज में BJP नेता को घर में घुसकर मारी गोली:
हमलावरों ने गेट खोलते ही 8 सेकंड में 8 गोलिया मारीं, पेट और कंधे पर लगी; हालत गंभीर

प्रयागराज में सोमवार की देर रात भाजपा नेता अजय शर्मा को बदमाशों ने उनके घर में घुसकर गोली मार दी। रात करीब 11 बजे चार हमलावर मुंह पर गमछा बांधकर भाजपा नेता के घर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खुलवाया। जैसे ही अजय ने दरवाजा खोला, घात लगाकर खड़े बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी और भाग निकले। अजय के पेट और कंधे पर 8 गोलियां लगी हैं। हालत बेहद गंभीर है। आनंद अस्पताल के डॉक्टर सर्जरी करने की तैयारी में हैं।
भाजपा नेता अजय शर्मा की हालत बेहद नाजुक है।
8 सेकेंड में दागीं 8 गोलियां
यह पूरा मामला फाफामऊ के लेहरा गांव का है। भाजपा के किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष अजय शर्मा सोमवार की रात घर पर थे। रात करीब 11 बजे किसी ने दरवाजे की कॉल बेल बजाई। रात का समय होने के कारण अजय शर्मा ने ही गेट खोला। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते मुंह में काला कपड़ा बांधकर आए 4 हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग करना शुरू कर दिया। अजय को जैसे ही गोली लगी वे घर के अंदर की तरफ भागे लेकिन पीछे मुड़ते ही उनके शरीर में 8 गोलियां उतर चुकी थीं। वह लहूलुहान होकर वहीं पर गिर पड़े।
इससे पहले कि घर वाले गोली की आवाज सुनकर बाहर निकलकर मुख्य गेट पर आ पाते हमलावर 8 सेकेंड के भीतर 8 गोलियां अजय शर्मा के शरीर में उतारकर भाग चुके थे। घर वालों में हमलावरों को भागते हुए देखा तो जरूर, लेकिन हथियारों से लैस हमलावरों को कोई रोकने की हिम्मत न कर सका। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। घर वाले अजय शर्मा को लेकर पहले विनीता अस्पताल भागे। वहां भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल लेकर भागे। वहां भी ठीक से इलाज न मिलने और हालत बिगड़ते देख अजय को आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। अभी उन्हें आईसीयू में रखा गया है। डॉक्टरों ने उनकी हालत खराब बताई है। सर्जरी की तैयारी है।
किसने और क्यों मारी गोली? जवाब तलाश रही पुलिस
आनंद अस्पताल में अजय जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। घर वालों की तरफ से पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। हमलावर कौन थे और अजय शर्मा को क्यों गोली मारी अभी कुछ भी पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। थानाध्यक्ष फाफामऊ ने बताया कि हमलावरों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। कई जगहों पर छापेमारी की गई है। अभी तक कोई भी सुराग नहीं लग सका है।
खबरें और भी हैं…