कानपुर: ‘भोले बाबा’ के आश्रम में पुल‍िस का छापा, सेवादारों ने दी महत्वपूर्ण जानकारी

सेवादारों ने बताया कि बाबा ने पुलिस की नौकरी छोड़कर नारायण साकार विश्व हरि उर्फ भोले बाबा के रूप में यहां करीब छह एकड़ जमीन पर आश्रम बनवाया है।

कानपुर के बिधनू करसुई गांव में स्थित बाबा नारायण साकार विश्व हरि के आश्रम में गुरुवार सुबह पुलिस पड़ताल करने पहुंची। पुलिस के आगमन पर पहले तो आश्रम के सेवादार छिपने लगे, लेकिन पुलिस द्वारा न डरने का आश्वासन देने के बाद वे सामने आए। पुलिस ने लगभग एक घंटे तक आश्रम का निरीक्षण किया और सेवादारों तथा ग्रामीणों से बाबा के बारे में जानकारी ली।

सेवादारों ने बताया कि बाबा ने पुलिस की नौकरी छोड़कर नारायण साकार विश्व हरि उर्फ भोले बाबा के रूप में यहां करीब छह एकड़ जमीन पर आश्रम बनवाया है। आश्रम का कुछ भाग अभी निर्माणाधीन है। बाबा ने 2018-19 में सेवादारों के जरिये यहां जमीन खरीदकर आश्रम का निर्माण कराया था, जिसमें उनका एक मंदिर भी शामिल है।

हाथरस घटना के बाद बिधनू थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ आश्रम पहुंचे थे। सेवादार अनिल ने बताया कि बाबा आश्रम बनने के बाद कभी यहां नहीं आए। उनके सत्संगी सेवादार ही यहां सत्संग का आयोजन करते रहते हैं।

जमीन विवाद के सवाल पर सेवादारों और ग्रामीणों ने किसी भी प्रकार के विवाद से इनकार किया। सेवादारों ने बताया कि आश्रम में हर रोज सैकड़ों भक्त अपनी मुराद लेकर आते हैं और मत्था टेकते हैं। आश्रम में बनी रसोई हर रोज संचालित होती है, जहां हर दिन 200 से 300 भक्त भोजन करते हैं। पुलिस ने करीब एक घंटे की जांच के बाद आश्रम को छोड़ दिया।

Related Articles

Back to top button