MP By-Election Result :19 सीटों पर BJP ने फहराया परचम, कांग्रेस 9 पर सिमटी

भोपाल। मध्यप्रदेश में इसी साल हुए सत्ता परिवर्तन के कारण यहां विधानसभा की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव के लिए मंगलवार को 19 जिला मुख्यालयों पर मतगणना हुई। दोपहर बाद रुझानों के साथ नतीजे आने शुरू हो गए थे, लेकिन सभी सीटों के परिणाम देर रात तक घोषित हो पाए। इन 28 सीटों में से 19 पर भाजपा ने जीत का परचम फहराया, जबकि सभी सीटों पर जीत का दावा करने वाली कांग्रेस 09 सीटों पर सिमट गई।
मध्यप्रदेश में 28 विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए गत 03 नवम्बर को मतदान हुआ था। मंगलवार को सुबह 08.00 बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई। शुरुआती रुझानों में ही भाजपा ने बढ़त बना ली और यह बढ़त अंत तक जारी रही। दोपहर बाद नतीजे आने शुरू हो गए थे और रात करीब दो बजे तक सभी सीटों के परिणाम घोषित किये गये। घोषित परिणामों के अनुसार, 28 में से 19 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार विजयी हुए हैं, जबकि नौ सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवारों ने बाजी मारी है। इन उपचुनावों में भाजपा को 49.46 फीसदी और कांग्रेस को 40.50 फीसदी वोट मिले। इसके अलावा बसपा ने भी 5.75 फीसदी वोट हासिल किये, लेकिन वह 28 में से एक भी सीट हासिल नहीं कर सकी।
दरअसल, उपचुनावों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की प्रतिष्ठा दाव पर लगी हुई थी। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान ताबड़तोड़ सभाएं कीं और उसी के अनुरूप नतीजे भी आए। इन उपचुनावों में शिवराज सरकार के दो पूर्व मंत्रियों समेत 14 मंत्री चुनाव मैदान में उतरे थे। इनमें से 11 मंत्रियों ने जीत हासिल की है, जबकि तीन मंत्रियों की हार हुई है। ग्वालियर जिले की डबरा सीट से महिला बाल विकास मंत्री इमरती देवी उपचुनाव हार गईं। इसके अलावा सुमावली सीट से मंत्री एंदल सिंह कंसाना और दिमनी सीट से मंत्री गिर्राज दंडोतिया भी पराजित हो गए।