मप्र उपचुनाव: 28 सीटों पर 458 उम्मीदवार मैदान में

भोपाल। मध्यप्रदेश में विधानसभा की रिक्त 28 सीटों पर आगामी तीन नवम्बर को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है और इन 28 सीटों के लिए 458 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किये हैं। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच हो रही है। इसके बाद उम्मीदवार आगामी 19 अक्टूबर तक अपने नाम वापस ले सकेंगे।
मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, विधानसभा उप निर्वाचन 2020 के अंतर्गत प्रदेश के 19 जिलों के 28 विधानसभा क्षेत्रों में गत नौ अक्टूबर को नामांकन की प्रक्रिया प्रारम्भ हुई थी, जो कि शुक्रवार, 16 अक्टूबर तक चली। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन 254 उम्मीदवारों द्वारा 318 नाम निर्देशन पत्र जमा किये। इस प्रकार प्रदेश की 28 सीटों के लिए कुल 458 उम्मीदवारों द्वारा 597 नामांकन दाखिल किये हैं। शनिवार को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) जारी है।
इन सीटों पर हो रहे हैं उपचुनाव
मध्यप्रदेश की जिन सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं, उनमें मुरैना जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4-जौरा, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 5-सुमावली, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 6-मुरैना, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 7-दिमनी, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 8-अम्बाह, भिण्ड जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 12-मेहगांव, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 13-गोहद, ग्वालियर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 15-ग्वालियर, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 16-ग्वालियर पूर्व, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 19-डबरा, दतिया जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 21-भांडेर, शिवपुरी जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 23-करेरा, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 24-पोहरी, गुना जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 28-बमौरी, अशोकनगर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 32-अशोकनगर, विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 34-मुंगावली, सागर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 37-सुरखी, अनूपपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 87-अनूपपुर, रायसेन जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 142-सॉची, आगर-मालवा जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 166-आगर, देवास जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 172-हाटपिपल्या, धार जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 202-बदनावर, इंदौर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 211-सांवेर, मंदसौर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 226-सुवासरा, छतरपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 53-मलहरा, बुरहानपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 179-नेपानगर, खण्डवा जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 175-मांधाता और राजगढ़ जिले के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 161-ब्यावरा शामिल है।