दिल्ली में न्यूनतम तापमान इतने डिग्री पहुंचा, वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार

नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिगी ऊपर 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया और वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया।
मौसम विभाग ने आज यह जानकारी दी।
विभाग के अनुसार एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ का शुक्रवार से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में अपना असर शुरू हो जायेगा।
इसके असर से सोमवार से तापमान में चार डिग्री तक गिरावट आने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें-तमिलनाडु में विस चुनाव से पूर्व अंतिम मतदाता सूची जारी, इतने करोड़ मतदाता
राजधानी में तेज हवा के चलने से आज सुबह वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखा गया।
सुबह नौ बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 308 पर रहा।
राजधानी में मंगलवार को इस महीने हवा की रफ्तार में कमी और अधिक नमी के स्तर के कारण छठी बार वायु गुणवत्ता गंभीर हो गयी थी।
राजधानी की 24 घंटे की वायु गुणवत्ता मंगलवार को 404, सोमवार को 372 और रविवार को 347 रही थी। इससे पहले दिल्ली में लगातार तीन दिन वायु गुणवत्ता गंभीर स्थिति में रही।
वायु गुणवत्ता सूचकांक शून्य से 50 तक अच्छी, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में मानी जाती है।