पिता का दावा- बेटी के अश्लील वीडियो बनाकर जबरदस्ती शादी की;
भोपाल का BJP नेता निकला पत्नी का कातिल: हर्जाना मांगने पर मार डाला

भोपाल के कोलार इलाके से 15 अक्टूबर को लापता हुई ब्यूटीशियन नैना उर्फ शिखा (24) की हत्या में बड़ा खुलासा हुआ है। भाजपा नेता ने एक साल पहले उससे शादी की थी और उसी ने बेरहमी से हत्या कर दी।
इधर, नैना के पिता शारदा पासवान का आरोप है कि भाजपा नेता रजत कैथवास ने बेटी का अश्लील वीडियो बना लिया था। इसके बाद वह उसे ब्लैकमेल करने लगा। शादी नहीं करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी देता था। रजत कैथवास भाजपा की यूथ विंग भारतीय जनता युवा मोर्चा में शाहजहांनाबाद मंडल का उपाध्यक्ष है।
शारदा पासवान का आरोप है कि महीनेभर घर में रखने के बाद उसे यह कहकर भगा दिया कि उसके माता-पिता शादी से खुश नहीं हैं। बेटी ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की थी। इसके बाद बेटी मेरे पास आ गई।
नैना ने पति के खिलाफ कोर्ट में भरण-पोषण का मामला दर्ज कराया था। इसके साथ ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी 15 अक्टूबर को नैना को सलकनपुर मंदिर के दर्शन करने के बहाने भोपाल से लेकर गया था।
केस वापस नहीं लेने पर हत्या की धमकी देता था
शारदा पासवान ने कहा कि रजत केस वापस लेने के लिए दबाव बना रहा था। केस वापस नहीं लेने पर हत्या की धमकी देता था। इधर, पुलिस की जांच में सामने आया कि रजत पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इसके साथ ही वह कोर्ट में केस चलने से भी परेशान था। वह भरण-पोषण नहीं देना चाहता था, इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची।
साजिश के तहत ही वह नैना को धार्मिक स्थल के बहाने सीहोर जिले के बुदनी लेकर पहुंचा। बुदनी के जंगल में नैना की हत्या कर वह भोपाल आ गया। पुलिस उसके माता-पिता से भी पूछताछ कर रही है।
स्कूटी पर बैठी नैना(बाएं) और उसकी अर्थी(दाएं)।
रजत के माता-पिता भी मेरी बेटी को प्रताड़ित करते थे
शारदा पासवान का दावा है कि रजत के पिता रविशंकर कैथवास मध्य प्रदेश सरकार के स्टेट गैरेज में नौकरी करते हैं, जबकि मां रेखा गृहणी है। बेटी को रजत के अलावा उसके माता-पिता भी प्रताड़ित करते थे। शादी के बाद रजत के माता-पिता बेटी को घर में रखने को तैयार नहीं थे। रजत ने माता-पिता के उकसाने पर ही बेटी के साथ मारपीट कर उसे घर से भगाया था।
दादी के मकान में रहने के दौरान प्रेम जाल में फंसाया
शारदा पासवान ने बताया कि नैना की दादी का घर नारियलखेड़ा निशातपुरा में रजत के मकान के पास ही है। नैना भी दादी के घर पर रहती थी। इसी दौरान रजत ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। शादी के बाद उसके चरित्र पर संदेह करने लगा।
15 अक्टूबर को लापता हुई थी नैना
कोलार रोड भोपाल निवासी नैना उर्फ शिखा (24) पासवान पुत्री शारदा पासवान ब्यूटीशियन थी। उसने सालभर पहले नारियलखेड़ा निशातपुरा निवासी खुद को भाजपा पदाधिकारी बताने वाले रजत कैतवास से शादी की थी।
एक महीने ससुराल में रहने के बाद वह मायके में अपने माता-पिता के साथ रह रही थी। 15 अक्बूटर की शाम वह अपनी मां माया से दुर्गा झांकी देखने की बात कहकर घर से निकली थी।
वापस नहीं आने पर 16 अक्टूबर को परिजनों ने कोलार थाने में परिजनों ने कोलार थाना भोपाल में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी बीच सीहोर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-69 पर मिडघाट सेक्शन के पास मिली अज्ञात युवती का शव बरामद किया था। उसकी पहचान पुलिस ने नैना के रूप में की थी। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
खबरें और भी हैं…