महाराष्ट्र में महाजन-मुंडे के भरोसेमंद सहयोगी रहे खडसे ने थामा राकांपा का दामन

मुंबई। महाराष्ट्र में भाजपा के सांगठनिक विस्तार में कभी दिवंगत प्रमोद महाजन और गोपीनाथ मुंडे की टीम के भरोसेमंद सहयोगी रहे पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने शुक्रवार को राकांपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। खडसे ने कहा कि प्रदेश में जैसे भाजपा के विस्तार के लिए कार्य किया अब उसी तरह राकांपा के विस्तार के लिए भी कार्य करूंगा। वहीं राकांपा प्रमुख शरद पवार ने कहा कि खडसे ने राकांपा में शामिल होने के लिए कोई शर्त नहीं रखी थी इसलिए पार्टी संगठन और राज्य मंत्रिपरिषद में कोई फेरबदल नहीं किया जाएगा। उधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि खडसे के जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा। खडसे को राकांपा में कुछ हासिल भी नहीं होगा।
मुंबई स्थित राकांपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि खडसे के अनुभव का लाभ महाराष्ट्र को मिलेगा। खडसे दिए गए बचन का पालन करने वाले नेता हैं। उनके राकांपा में आने से उत्तर महाराष्ट्र सहित जलगांव में पार्टी का विस्तार होगा। खडसे ने पार्टी में आने से पहले किसी भी तरह की इच्छा व्यक्त नहीं की है। इसी वजह से पार्टी संगठन और राज्य मंत्रिपरिषद में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा। उन्होंने खडसे की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत मेहनत कर भाजपा का विस्तार किया था। अब उसी मेहनत से राकांपा का भी विस्तार करेंगे।
राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील ने बताया कि खडसे के साथ उनकी पत्नी मंदाकिनी, बेटी रोहिणी सहित तमाम समर्थकों ने राकांपा की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने कहा कि भाजपा से आए खडसे और उनके समर्थकों को उचित मान-सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि खडसे संघर्ष करने वाले नेता हैं। उन्होंने अपने 40 साल के राजनीतिक जीवन में भाजपा को आगे बढ़ाने का काम किया। इसी प्रकार खडसे अब राकांपा को आगे ले जाने का काम करेंगे।
पूर्व मंत्री खडसे ने कहा कि उन्होंने भाजपा के विस्तार के लिए 40 साल तक मेहनत की, लेकिन उन्हें भाजपा में बहुत परेशान किया गया। उन पर कई प्रकार के अनर्गल आरोप लगाए गए। यहां तक कि उनका राजनीति कैरियर खत्म करने के लिए कई प्रकार के हथकंडे अपनाए गए। इस कारण भारी मन से उन्होंने भाजपा छोड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि जितनी मेहनत से उन्होंने भाजपा का विस्तार किया, उससे ज्यादा मेहनत कर अब वे राकांपा के विस्तार का प्रयास करेंगे।
खडसे को राकांपा में कुछ हासिल नहीं होगा : भाजपा
महाराष्ट्र भाजपा के अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील ने कहा कि एकनाथ खडसे के राकांपा में जाने से पार्टी को कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन खडसे को राकांपा में कुछ हासिल भी नहीं होगा। पाटील ने पत्रकारों से कहा कि राकांपा ने सिर्फ खडसे को लॉलीपॉप दिया है। इससे खडसे कब तक संतुष्ट रहेंगे, यह तो समय बताएगा।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता केशव उपाध्ये ने कहा कि खडसे के जाने से दुख हुआ है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। नेता के पार्टी छोड़कर जाने के बाद कार्यकर्ता पार्टी में ही रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा से गए शंकर सिंह वाघेला और यशवंत सिन्हा से लेकर पूर्व मंत्री अन्ना डांगे, प्रकाश शेंडगे आज कहां हैं, यह पूरा देश देख रहा है।