झांसी के डॉक्टर का रहस्यमय तरीके से हुआ अपहरण, जानें पूरा मामला

झांसी के प्रसिद्ध डॉक्टर 62 वर्षीय डॉ आरके गुरबख्शानी का उस समय अपहरण कर लिया गया था जब वह सुबह की सैर के लिए निकले थे। डॉक्टर शनिवार तड़के मुरैना के सिविल लाइन थाने में पहुंचे और बताया कि बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया।
पुलिस के अनुसार डॉक्टर का अपहरण ददुआ डकैत के नाती के इलाज के लिए किया गया है। दूसरी कहानी यह भी निकल रही है कि अपराधियों ने डॉक्टर से 2 करोड़ की फिरौती मांगी है। मुरैना पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल की महानगर अध्यक्ष व समाजसेवी शालिनी गुरबख्शानी के जेठ व व्यापारी नेता अशोक गुरबख्शानी के बड़े भाई जाने माने चिकित्सक 62 वर्षीय डॉ. आरके गुरबख्शानी हमेशा की तरह शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे सुबह की सैन पर निकले थे, लेकिन दोपहर तीन बजे तक घर वापस नहीं लौटे, उनका कोई पता नहीं चला। उनके परिजनों ने उन्हें हर जगह तलाश किया।
व्यापार मंडल की महानगर अध्यक्ष शालिनी गुरबख्शानी ने बताया कि डाक्टर साहब प्रतिदिन सैर को जाते थे और वहीं से दूध भी लेकर आते थे।
उक्त डॉक्टर शनिवार तड़के कुछ ग्रामीणों की मदद से सिविल लाइन थाने में पहुंचे और बताया कि मुरैना के पास हिंगोना गांव के खेतों में उन्हें जंजीरों से बांधकर रखा गया था। रात में रखवाली के लिए तैनात बदमाश सो गया तो वह घुटने और कोहनी के बल चलकर सड़क तक आए और उसके बाद ग्रामीण उन्हें थाने ले आए।