हरियाणा चुनाव के लिए इंडियन नेशनल लोकदल ने जारी की लिस्ट, ये रहे नाम

हरियाणा विधानसभा चुनावों के लिए इनलो ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। इनेलो ने अपनी पहली लिस्ट में पानीपत (Panipat) की चारों सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। वहीँ लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी (लोसुपा) के सुप्रीमो राजकुमार सैनी (Rajkumar Saini) ने गोहाना सीट (Gohana Seat) से विधानसभा चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
इनेलो (Indian National Lokdal) ने पानीपत के जिलाध्यक्ष कुलदीप राठी (Kuldeep Rathi) को पानीपत ग्रामीण विधानसभा सीट से प्रत्याशी चुना है। वहीं पानीपत शहरी विधानसभा से सुरेश सैनी को टिकट दी गई है। इसराना विधानसभा से इनेलो ने रवि कंसल और समालखा विधानसभा से प्रेमलता छोक्कर को मैदान में उतारा है। पानीपत ग्रामीण विधानसभा से प्रत्याशी कुलदीप राठी का कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। वहीँ इस स्वागत से कुलदीप राठी भावुक हो गए। राठी ने कहा कि मौका मिला तो चौमुखी विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर जनता उन्हें मौका देगी, तो सबसे पहले उनका लक्ष्य पानीपत के टोल को खत्म करवाना होगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण हल्के की कॉलोनियों का विकास करवाने की भी बात कही।
कार्यकर्ताओं की मांग पर किया फैसला : लोसुपा
वहीँ लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी (लोसुपा) के सुप्रीमो राजकुमार सैनी ने गोहाना से चुनाव लड़ने की घोषणा की। सैनी ने बताया कि उन्होंने कार्यकर्ताओं की मांग पर गोहाना से चुनाव लड़ने का फैसला लिया है। राजकुमार सैनी ने कहा कि “उनकी चुनाव लड़ने की इच्छा नहीं थी। गोहाना के लोगों ने उन्हें बहुत प्यार दिया है, और यहां से ही चुनाव लड़ने की मांग की। कार्यकर्ताओं की भावनाओं को मैं नजरअंदाज नहीं कर सका और यहां से चुनाव लड़ने का फैसला लिया।” सैनी ने कहा कि “मैं गोहाना के लोगों को चंडीगढ़ का रास्ता दिखाने के लिए यहां आया हूं। उन्होंने जनता की नि:स्वार्थ भाव से सेवा करने की बात कही। सैनी ने कहा कि मैंने आज तक व्यक्ति विशेष को छोड़ कर किसी जाति विशेष का विरोध नहीं किया है। बता दें कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी प्रताप प्रजापति को सौंपी गई है।