मैंने खुद पर विश्वास बनाए रखा : संजू सैमसन

अबू धाबी। मुंबई इंडियंस के खिलाफ बेहतरीन नाबाद अर्धशतकीय पारी खेल राजस्थान रॉयल्स की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले संजू सैमसन ने कहा कि उन्होंने खुद पर विश्वास बनाये रख,जिसकी वजह से वह यह पारी खेल सके।
मुंबई के खिलाफ सैमसन ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली और बेन स्टोक्स के साथ तीसरे विकेट की अटूट साझेदारी में 152 रन जोड़े।
मैच के बाद सैमसन ने कहा,”मैंने खुद पर विश्वास बनाये रखा था। जब आपको 14 मैच खेलने हों तो उतार चढाव आते ही हैं। हर विकेट अलग तरह का होता है और उस पर अलग तरीके से खेलना होता है। मैंने आज वही किया।”
उन्होंने कहा, ‘मैं जरूरी रनरेट की तरफ देख ही नहीं रहा था। मैं बस गेंद को उसकी गुणवत्ता के आधार पर खेल रहा था। मुझे जमने में पांच छह गेंद का समय लगा।”
बता दें कि मुंबई ने राजस्थान के सामने 196 रनों का लक्ष्य रखा था,जवाब में बेन स्टोक्स की बेहतरीन शतकीय पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 18.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। स्टोक्स ने नाबाद 107 और संजू सैमसन ने नाबाद 54 रनों की पारी खेली।