अंतराष्ट्रीय पहलवान बबीता फोगाट का हरियाणा पुलिस से इस्तीफा स्वीकार, दिलचस्प है वजह

दंगल गर्ल बबीता फोगाट(Babita Phogat) ने राजनीति में कदम रखने की घोषणा करने के बाद अब उस तरफ अपना पहला कदम भी उठा दिया है। पहलवानी(Wrestling) में भारत को पदक दिलाने वाली बबीता फोगाट ने हरियाणा पुलिस(Haryana Police) की नौकरी छोड़ दी है। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के लिए उन्होंने 13 अगस्त को इस्तीफा दिया था जिसे स्वीकार कर लिया गया है।

अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवान बबीता फोगाट ने बीते महीने हरियाणा पुलिस की नौकरी से इस्तीफा दिया था। इस्तीफे में उन्होंने नौकरी छोड़ने का कारण सक्रिय राजनीति(Politics) में आना बताया था। पुलिस उच्चाधिकारियों ने इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। वहीँ बबीता अब राजनीतिक पारी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान भिवानी और दादरी जिलों में वह उनके साथ रहीं थीं। बाढड़ा में बबीता ने शक्ति प्रदर्शन भी किया था। मुख्यमंत्री ने भी उनको खूब तवज्जो दी। जानकारी के अनुसार पार्टी की तरफ से बबीता फौगाट को विधानसभा चुनाव में दादरी या बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। बबीता खुद चुनाव लड़ने के लिए तैयार होने का दावा कर चुकी हैं। उन्होंने कहा था कि उन्हें खुद पर पूरा भरोसा है कि वे राजनीति की ये पारी भी शानदार खेलेंगी। उन्होंने संकेत दिए कि पार्टी हाई कमान उन्हें दादरी या बाढड़ा से चुनाव लड़ने को कह सकती है।

आपको बता दें कि बबीता फोगाट मशहूर पहलवान महावीर फोगाट(Mahavir Phogat) की बेटी और अंतर्राष्ट्रीय महिला पहलवान गीता फोगाट की छोटी बहन हैं। उन्होंने भारत को पहलवानी में कई अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मैडल दिलाए हैं। हाल ही में मशहूर पहलवान बजरंग पुनिया(Bajrang Punia) से उनकी शादी तय हुई है। उम्मीद है कि दोनों अगले साल शादी के बंधन में बंधेंगे।

Related Articles

Back to top button