जानिए किस “खास” आशीर्वाद के लिए खट्टर करेंगे “जन यात्रा”

हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां ज़ोर पकड़ने लगी हैं। वहां की सत्ता संभाल रही भाजपा पार्टी भी इसमें पीछे नहीं है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर रविवार से जन-आशीर्वाद यात्रा पर निकलेंगे जो अगले 15 दिन तक चलेगी। इसकी शुरुआत कालका विधानसभा क्षेत्र के काली माता मंदिर में पूजा अर्चना के साथ होगी।
मुख्यमंत्री की ये जन आशीर्वाद यात्रा अगले 15 दिनों तक चलेगी। इस दौरान वह प्रदेश के 90 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। इस मौके पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री खट्टर प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में जाकर जनता के बीच स्वयं अपनी उपलब्धियां बताएंगे। बता दें मुख्यमंत्री खट्टर हमेशा कहते हैं कि हमारी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त और ईमानदार सरकार है, जनता की सरकार है, इसलिए उन्हें जनता का आशीर्वाद दोबारा मिलेगा। जन आशीर्वाद यात्रा पहले दिन कालका से शुरू होकर पंचकूला, नारायणगढ़,साढ़ौरा, जगाधरी होते हुए यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र पहुंच कर संपन्न होगी। पहले दिन लगभग 157 किलोमीटर की यात्रा का कार्यक्रम है।
370 बनेगा मुद्दा
16 अगस्त को गृह मंत्री अमित शाह भी हरियाणा के जींद में आस्था रैली में शामिल हुए थे। अमित शाह ने इस रैली में एक तरह से हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंक दिया था और जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि पिछली बार 47 सीटें मिली थी, इस बार 75 पार सीटें हरियाणा की जनता भाजपा को जिताएगी। इसके साथ ही अमित शाह ने साफ़ कर दिया है कि हरियाणा विधानसभा चुनावो में मोदी सरकार और खट्टर सरकार के किए जनकार्यों के अलावा 370 हटाने को भी मुद्दा बनाया जाएगा।