गुना : विकास ही लक्ष्य है और विकास ही संकल्प: सोलंकी

गुना। भाजपा के राज्यसभा सांसद सुमेरसिंह सोलंकी ने कहा है कि हमारी पार्टी का लक्ष्य क्षेत्र का विकास है, और उपचुनाव से पहले क्षेत्र के विकास का संकल्प ले रहे हैं। पिछले 5 माह में बमौरी क्षेत्र में 551 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया है। इनमें प्रमुख रुप से ग्वारटोली तालाब और 497 करोड़ की ग्रामीण नलजल योजना, बमौरी में कॉलेज आदि का भूमिपूजन किया है। यह सिर्फ 5 माह की उपलब्धि हैं। आगामी साढ़े तीन साल में क्षेत्र में आमजनता के लिए हर सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प है। सोलंकी बुधवार को भाजपा के संकल्प पत्र की घोषणा के दौरान पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार ने सहरिया महिलाओं की पोषण आहार राशि बंद कर दी थी। वह भी भाजपा सरकार बनते ही शुुरु कर दी गईं हैं। इसी तरह बमौरी में 1200 वन अधिकारी पट्टों का वितरण किया गया है और 1 हजार प्रधानमंत्री कुटीर आवास दिए हैं। इसके अलावा गुना-अशोकनगर से म्याना, लहरघाट रोड, ऊमरी-सिरसी रोड से सेनवोर्ड-विशनवाड़ा रोड का निर्माण कराया जा रहा है। सोलंकी ने कहा कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसके लिए भाजपा संकल्पित है।
उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस ने 15 माह में 15 साल से चल रहे विकास के पहिए को रोक दिया था, जो शिवराज सरकार बनने के बाद फिर से शुरु हो गया। कमलनाथ सरकार ने जो योजना बंद कर दी थीं, जनता के हित में शिवराज सरकार ने फिर से चालू कर दी हैं।
इस मौके पर प्रदेश के मंत्री प्रेमसिंह पटेल, बमौरी विधानसभा के प्रभारी अवधेश नायक, जिलाध्यक्ष गजेन्द्र सिंह सिकरवार, पूर्व जिलाध्यक्ष राधेश्याम पारीक, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओएन शर्मा, श्रवण धाकड़, सुनील अग्रवाल शुभम्, द्वारका धाकड़, धर्मेन्द्र सिकरवार और राजेश साहू सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।