नए सिरे से खड़ी हो रही है समाजवादी पार्टी, अखिलेश ने दूसरे दलों के लिए खोले दरवाजे

संगठनात्मक इकाइयों को भंग करने के बाद अब समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) का विस्तार भी शुरू हो गया है। उन्होंने अन्य दलों के प्रमुख नेताओं के लिए भी दरवाजे खोल दिए हैं। सोमवार को बसपा (BSP) सरकार में पूर्व स्वास्थ्य राज्यमंत्री भूरा राम अपने समर्थकों संग सपा में शामिल हो गए। इनके साथ ही फूलन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल निषाद पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अखिलेश (Akhilesh Yadav) ने कहा कि बहुत खुशी है कि बहुत पुराने नेता, समाज मे सबसे कमजोर लोगों की आवाज उठाने वाले भूरा राम समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उनका स्वागत है। हम जमीन पर काम करेंगे। उन्होंने चुनाव के दौरान सपा और बीएसपी की मदद करने वालो को धन्यवाद दिया। एक सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि आजम खां पर लगाए गए सभी मुकदमे झूठे हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश बहुत ही नाजुक दौर से गुजर रहा है। किसान दुखी हैं और आत्महत्या कर रहे हैं। कानून व्यवस्था पर सरकार का अंकुश नहीं रह गया है। लग रहा है कि उत्तर प्रदेश हत्या प्रदेश बन गया है। सरकार एक बार में सूची क्यों नहीं देती कि उत्तर प्रदेश में कितने अपराधी और कितनों के ऊपर इनाम है। आज पुलिस इंस्पेक्टर की हत्या करने वालों का स्वागत किया जा रहा है। ह्यूमन राइट्स के नोटिस सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश को मिले हैं। समाजवादियों द्वारा क्या इसीलिए उत्तर प्रदेश का डीजीपी ऑफिस बनाया गया था कि पुलिस वहां बैठे और प्रदेश जनता पर अत्याचार कर ? उन्होंने कहा इन्वेस्टमेंट के बहाने उद्योगपति तो बुलाए गए, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं उतरा। अर्थ व्यवस्था में हम पिछड़ रहे हैं। अर्थव्यस्था में बांग्लादेश की मुद्रा भारतीय मुद्रा से मजबूत हो गई है।

उन्होंने कहा आज स्थिति यह है कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण डालर के मुकाबले रुपया गिर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का ध्यान इन मुद्दों से हटाने के लिए लोगों को आपस में लड़ा रहे हैं। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोजेक्ट से ज्यादा का बजट गौ माता के लिए रखा गया और अब उसको भी नहीं बचा पा रहे हैं। लोकतंत्र ईडी और सीबीआई की मदद से चल रहा है। अखिलेश ने महंगी हो रही बिजली पर भी सरकार को घेरा। पिछले चुनाव का जो भी परिणाम आया हमने उसे स्वीकार किया। उन्होंने इस दौरान पार्टी और संघटन के लोगों को धन्यवाद दिया। अखिलेश यादव ने किसान जंक्शन मोबाइल एप को शुरू किया है। उन्होंने कहा कि इस एप से किसानों को फायदा मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह काम सरकार को करना चाहिए, लेकिन हमे करना पड़ रहा है।

सपा में शामिल होने के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान घूरा राम ने कहा कि युवाओं में अखिलेश यादव को लेकर काफी उत्साह है। नौजवान सपा सुप्रीमो को सबसे ज्यादा मानते हैं। बीएसपी से सपा में आने के लिए हमारे समर्थक बोल रहे है, सपा में आने वालों की आंधी आ गई है। मैं पूरी बलिया को सपा में जॉइन करा दूंगा।

Related Articles

Back to top button