बिहार में जंगलराज: हथियार दिखाकर रोकी गाड़ी.. दुल्हन को जबरन बाइक पर उठा ले गए 8 बदमाश, फिर..

बिहार के दरभंगा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन का रास्ते में अपहरण कर लिया गया। बदमाश हथियार के बल पर दुल्हन को गाड़ी से खींचकर ले गए। दूल्हा, जो खुद भी गाड़ी में मौजूद था, अब दुल्हन को अपनाने से इंकार कर रहा है और दूसरी शादी करने की बात कह रहा है। मामला सकतपुर थाना क्षेत्र का है।

शादी के बाद कार में लौटते समय हुई घटना

दरअसल, दुल्हन माला कुमारी (20), जो मधुबनी जिले के गंगापुर गांव की रहने वाली है, की शादी 25 अप्रैल को घनश्यामपुर निवासी संजय राम से हुई थी। शादी के अगले दिन 26 अप्रैल को दुल्हन अपने मायके से ससुराल जा रही थी। कार में दूल्हा संजय राम, दुल्हन का भाई पप्पू राम, दूल्हे का पिता बबलू राम और जीजा भी मौजूद थे।

हथियार के बल पर गाड़ी रुकवाई, दुल्हन को खींचकर ले गए

दी गई जानकारी के अनुसार, रास्ते में सुहतरिया पुल के पास चार बाइक पर सवार आठ बदमाशों ने कार का पीछा किया। पिस्टल दिखाकर ड्राइवर को गाड़ी रोकने के लिए मजबूर किया। गेट खोलते ही दो बदमाश अंदर घुसे और दुल्हन को जबरन खींचकर बाइक पर बैठा लिया। बदमाशों ने धमकी दी कि अगर किसी ने आवाज उठाई तो दूल्हे को जान से मार देंगे।

अपहरण में गांव के युवक का नाम आया सामने

दुल्हन की मां जानकी देवी ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे पप्पू राम ने एक अपहरणकर्ता की पहचान मनीष कुमार यादव के रूप में की है, जो उन्हीं के गांव का रहने वाला है। इसके बाद गांव में चर्चा है कि माला और मनीष के बीच प्रेम प्रसंग था, जो पिछले एक साल से चल रहा था।

जेवर और नकदी भी ले गए बदमाश

अपहरण के दौरान दुल्हन के पास मौजूद सोने-चांदी के गहने और नकदी भी बदमाश लूटकर ले गए। पीड़ित परिवार को डर है कि माला के साथ अनहोनी हो सकती है। जानकी देवी ने पुलिस से जल्द बेटी को ढूंढने की गुहार लगाई है।

दूल्हे का बयान- अब करूंगा दूसरी शादी

अपहरण की घटना से सदमे में आए दूल्हे संजय राम ने कहा, “अब उस लड़की को नहीं रखूंगा, मैं दूसरी शादी करूंगा।” संजय ने बताया कि अपहरण के बाद पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन उन्हें लखनौर थाने से सकतपुर थाना भेज दिया गया।

पुलिस कर रही छानबीन

सकतपुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि मामले में लिखित शिकायत मिली है और छानबीन की जा रही है। जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।

 

Related Articles

Back to top button