China News : दो वर्ष के पुत्र को खोजने में पिता ने तय की पांच लाख किमी की दूरी, 24 साल बाद मिला बेटा, DNA जांच से राह हुई आसान

दो वर्ष के पुत्र को खोजने में पिता ने तय की पांच लाख किमी की दूरी। फाइल फोटो।

एक चीनी पिता को अपना खोया हुआ बेटा 24 साल बाद मिला है। पिता ने बच्चे के खोने पर उसे ढूंढ़ने के लिए सालों तक पूरे देश में पांच लाख किमी से अधिक का सफर तय किया। 26 साल का बेटा अब अध्यापक बन गया है।

बीजिंग, एजेंसी। एक चीनी पिता को अपना खोया हुआ बेटा 24 साल बाद मिला है। यहां गौर करने वाली बात ये है कि पिता ने बच्चे के खोने पर उसे ढूंढ़ने के लिए सालों तक पूरे देश में पांच लाख किमी से अधिक का सफर तय किया। 26 साल का बेटा अब अध्यापक बन गया है। चीन के शेनडोंग प्रांत में रहने वाले गुओ गैंगटन के बेटे को मानव तस्कर उनके घर से अगवा करके ले गए। इस दौरान उनके बेटे की उम्र महज दो साल थी।

चीन में बच्चों को अगवा की कहानी पर 2015 में एक फिल्म भी बनाई

गुए गैंगटन के बेटे के गायब होने से मिली प्रेरणा पर 2015 में एक फिल्म भी बनाई गई। इसमें हांगकांग के सुपरस्टार एंडी लाउ ने अभिनय किया। चीन में बच्चों को अगवा किया जाना एक बड़ी समस्या है। हर साल हजारों बच्चे गायब हो जाते हैं। ग्लोबल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, डीएनए टेस्टिंग के जरिये गुओ गैंगटन के बेटे की पहचान हुई और इस मामले में पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया।

1997 में अगवा हुआ था बेटा

चाइना न्यूज के मुताबिक, दोनों संदिग्ध उस समय एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। उन्होंने ये सोचकर बच्चे को अगवा किया कि उसे बेचकर पैसा कमाया जाएगा। घर के बाहर अकेले खेलते हुए देख दोनों ने उसे अगवा किया और फिर उसे हैनान प्रांत लेकर चले गए। इसके बाद उन्होंने बच्चे को बेच दिया। गुओ गैंगटन का बेटा 1997 में अगवा किया गया था। इसके बाद गुओ ने अपने बेटे की तलाश में मोटरबाइक पर 20 प्रांतों की खाक छानी। इस दौरान कई दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें उनकी हड्डियां टूट गईं। जबकि उनके साथ लूटपाट भी हुई। दस मोटरबाइक भी इस पूरे समय टूट गईं।

हर साल 20 हजार बच्चे होते हैं अगवा

इस तलाश के दौरान गुओ गैंगटन ने अपने बच्चे की तस्वीरों को बैनर की शक्ल दी। उन्होंने अपने बेटे को ढूंढ़ने में सारा जीवन लगा दिया। वह पुलों के नीचे सोते और पैसे खत्म होने पर लोगों से भीख तक मांगते। इस दौरान गुओ चीन में लापता होने वाले लोगों के संगठन में एक अहम सदस्य भी बने। इस दौरान उन्होंने कम से कम सात बच्चों को अपने माता-पिता से मिलवाया। चीन में बच्चों का अपहरण और उनकी तस्करी दशकों पुरानी समस्या है। 2015 में लगाए गए एक अनुमान के मुताबिक, चीन में हर साल 20 हजार बच्चों को अगवा किया जाता है। इनमें से अधिकतर बच्चों को बेच दिया जाता है।

Related Articles

Back to top button