सलमान खुर्शीद की किताब पर भाजपा ने कांग्रेस को घेरा, लगाया ये गंभीर आराप

कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की किताब को लेकर भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस नेतृत्व को कठघरे में खड़ा किया। पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व पर नफरत की राजनीति और हिंदुओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि कांग्रेस हिंदुओं के खिलाफ नफरत का जाल बुन रही है। उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से सवाल किया कि क्या हिंदुओं की तुलना आईएस या बोको हराम से की जाएगी? भाटिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता बार-बार हिंदुओं को अपमानित करने वाले बयान दे रहे हैं। इससे साफ है कि ऐसा कहीं न कहीं पार्टी नेतृत्व के इशारे पर होता है। ‘हिंदू आतंकवाद’ शब्द का आविष्कार भी कांग्रेस में ही किया गया था।
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस आलाकमान से यह स्पष्ट करने को कहा कि क्या हिंदुत्व की विचारधारा और आईएएस, बोको हराम की विचारधारा एक है। भाटिया ने आरोप लगाया कि पिछले 55 वर्षों में कांग्रेस व उसके समर्थन वाली सरकारों ने देश का सांप्रदायिक बंटवारा किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नफरत भरी राजनीति को जनता बार-बार नकार रही है, लेकिन पार्टी लगातार ध्रुवीकरण की कोशिशों में जुटी है। हिंदू समाज सहिष्णु और संवेदनशील है, लेकिन वह किसी राजनीतिक दल को उसकी भावनाएं आहत करने का अधिकार नहीं देता। यह भारत की पंथ निरपेक्षता का अपमान है।
खुर्शीद की किताब को लेकर दिल्ली के एक वकील ने उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। दिल्ली पुलिस में गुरुवार को दी अपनी शिकायत में विवेक गर्ग ने कहा है कि कांग्रेस नेता ने अपनी किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या : नेशनहुड इन आवर टाइम्स’ में दावा किया है कि साधु-संतों के दौर के हिंदुत्व को इसके आक्रामक स्वरूप से बदलने का प्रयास किया जा रहा है, जो बहुत हद तक आईएस और बोको हराम की विचारधारा से मिलता है।