भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा कल जाएंगे पटना, चुनावी रणनीति पर होगी चर्चा

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान में अब महज कुछ ही दिन बाकी हैं। पहले चरण के चुनाव को लेकर एनडीए और महागठबंधन के उम्मीदवारों ने अपना-अपना नामांकन कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा कल पटना आएंगे, जो पार्टी नेताओं के साथ चुनावी रणनीति पर विस्तार से बात करेंगे।
बिहार विधानसभा चुनाव भाजपा के राष्ट्रीय जेपी नड्डा की टीम की पहली परीक्षा है। बता दें कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा हाल ही में घोषित की गई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में इस बार बड़ा फेरबदल किया गया है। नए और युवा लोगों को पार्टी में महत्वपूर्ण पदाधिकारी बनाया गया है। नड्डा की यह टीम बिहार चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। करीबी सूत्रों की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक 13 अक्टूबर के बाद नीतीश के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड और भारतीय जनता पार्टी का संयुक्त चुनावी अभियान शुरू होने वाला है। बता दें कि एनडीए के ये दोनों बड़े घटक दल मुकेश सहनी की विकासशील इंसान पार्टी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। बिहार इलेक्शन में भारतीय जनता पार्टी 110, जनता दल यूनाइटेड 115, विकासशील इंसान पार्टी 11 और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा सात विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उल्लेखनीय है कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर बिहार विधानसभा चुनाव सहित कुछ राज्यों में हो रहे उपचुनावों पर चर्चा की थी।