मैनपुरी के भाजपा जिलाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, कार के नीचे घुसकर बचाई जान

मैनपुरी में मंगलवार सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता पर बाइक सवार तीन हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में बीजेपी जिलाध्यक्ष ने कार के नीचे छुपकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर एसपी अजय शंकर राय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता से पूछताछ की। बीजेपी जिलाध्यक्ष ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
यह घटना कोतवाली सदर क्षेत्र के अवध नगर की है। जानकारी के मुताबिक, भाजपा जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता आज सुबह अपने आवास पर बैठे थे। इस बीच, पल्सर सवार तीन बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने कार के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई। फायरिंग के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
अशोक गुप्ता के आवास पर हुई पुलिस तैनात
घटना के बाद बीजेपी जिलाध्यक्ष आलोक गुप्ता के आवास के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता आलोक गुप्ता के आवास पर पहुंचे है। बीजेपी जिलाध्यक्ष ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुट गई है।