बिहार के मंत्री जनक राम का PA जाली इंट्री पास पर संसद में एक साल तक घूमता रहा, गिरफ्तार

बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व मंत्री जनक राम के निजी सहायक बबलू कुमार आर्य को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर गलत तरीके से संसद में एंट्री के लिए पास बनवाने का आरोप है। उसके खिलाफ गोपालगंज के सांसद डॉ. आलोक सुमन ने लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला, गृह मंत्री अमित शाह, PMO और दिल्ली पुलिस से शिकायत की थी। जांच में सही पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया है।
सांसद का आरोप है- ‘बबलू कुमार आर्य ने मेरे नाम का सहारा लेकर संसद भवन के लिए फर्जी पास बनाया था।’ बबलू आर्य के साथ-साथ एक कारोबारी महेश की भी गिरफ्तारी की गई है। संसद भवन में प्रवेश के लिए बबलू आर्य ने फर्जी तरीके से खुद का और गोपालगंज के रहने वाले महेश का भी पास बनवाया था।
गोपालगंज सांसद ने की थी शिकायत।
सांसद डॉ. सुमन ने बताया- ‘बबलू ने मेरे नाम का सहारा लेकर फर्जी पास बनाया था। यह सुरक्षा मामले में बड़ी चूक है। जब इसकी जांच की गई तो पाया गया कि फर्जी तरीके से उसने संसद में PA का पास अपने नाम पर निर्गत करा लिया था, जबकि वो मेरा PA नहीं हैं। यह पास तभी बन सकता है जब कोई सांसद अपने किसी निजी सहायक को अपने लेटर हेड पर लिखकर लोकसभा में जाने की अनुमति देता है, लेकिन बबलू ने किसी भी प्रक्रिया को नहीं अपनाया।’
संसद की ओर से जारी एंट्री पास।
मंत्री बोले- इससे मेरा कोई वास्ता नहीं
इधर, खान-भूतत्व मंत्री जनक राम ने बताया- ‘ जब मुझे इसकी जानकारी मिली तो एक महीने पहले ही बबलू कुमार आर्य को बर्खास्त कर दिया था। उसकी तमाम सुविधाओं को खत्म कर दिया था। अभी उससे मेरा कोई वास्ता नहीं है। यह जांच का विषय है, कानून अपना काम कर रहा है। मैं मामले में कानून का साथ दे रहा हूं।’
बताते चलें कि गोपालगंज से डॉ आलोक सुमन से पहले BJP से जनक राम सांसद हुआ करते थे। 2019 में गोपालगंज सीट JDU के खाते में जाने से जनक राम को टिकट नहीं मिल पाया। वहां से डॉ आलोक सुमन को टिकट दिया गया। फिर BJP ने जनक राम को MLC बनाकर मंत्री बना दिया। जबसे जनक राम मंत्री हैं, तब से बबलू उनके PA के तौर पर काम कर रहा था।
खबरें और भी हैं…