दीदी की फॉरेन ट्रिप को मंजूरी नहीं:ममता बनर्जी को केंद्र ने नहीं दी इटली जाने की इजाजत,
वेटिकन में पीस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने जाना चाहती थीं बंगाल की CM

केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को इटली जाने की इजाजत देने से इनकार कर दिया है। CM ममता इस साल अक्टूबर में वेटिकन में होने वाले विश्व शांति सम्मेलन में भाग लेने जाने वाली थीं। यह कार्यक्रम मदर टेरेसा पर केंद्रित होगा।
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘पॉलिटिकल एंगल’ को ध्यान में रखते हुए ममता को इटली जाने की मंजूरी नहीं दी गई। दरअसल, यह इवेंट जिस लेवल का है उसके लिए एक राज्य के मुख्यमंत्री की भागीदारी को सही नहीं समझा गया। इस सम्मेलन में जर्मन चांसलर एंजेला मर्केल, पोप फ्रांसिस और इटली के प्रधानमंत्री मारियो ड्रैगी शामिल होंगे।
TMC प्रवक्ता का सवाल- अब इटली यात्रा को लेकर ऐसा क्यों?
TMC प्रवक्ता देबांग्शु भट्टाचार्य देव ने ममता बनर्जी को इजाजत नहीं दिए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ट्वीट किया, “केंद्र सरकार ने दीदी की रोम यात्रा की इजाजत नहीं दी! पहले उन्होंने चीन यात्रा की अनुमति भी रद्द कर दी थी। हमने अंतरराष्ट्रीय संबंधों और भारत के हितों को ध्यान में रखते हुए उस फैसले को स्वीकार कर लिया था। अब इटली की यात्रा को लेकर मोदी जी ऐसा क्यों हुआ? बंगाल के साथ आपकी समस्या क्या है?”
कम्युनिटी ऑफ सेंट एगिडियो ने ममता को न्योता दिया
कम्युनिटी ऑफ सेंट एगिडियो के प्रेसिडेंट प्रोफेसर मार्को इम्पाग्लियाजो ने 6 और 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए ममता को निमंत्रण भेजा था। निमंत्रण पत्र में TMC प्रमुख को हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में उनकी जीत के लिए बधाई दी गई। पत्र में ममता के द्वारा पिछले 10 साल में सामाजिक न्याय, देश के विकास और शांति के लिए किए गए प्रयासों के लिए भी बधाई दी गई।
शांति के लिए 1987 से हर साल होती है प्रार्थना
कम्युनिटी ऑफ सेंट एगिडियो शांति को बढ़ावा देने के लिए 1987 से हर साल प्रार्थना करता है। इस दौरान दुनियाभर की हस्तियां यहां आती हैं। यह पहला मौका है, जब ममता बनर्जी को इंटरनेशनल पीस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने का न्योता मिला था।
मदर टेरेसा के कार्यक्रम में रोम गई थीं ममता
ममता बनर्जी इससे पहले मदर टेरेसा को जब संत की उपाधि दी जा रही थी, तब रोम गई थीं। तब वेटिकन सिटी में सेंट पीटर्स स्क्वायर में आयोजित कार्यक्रम में मदर टेरेसा को संत की उपाधि दी गई थी। ममता बनर्जी बंगाल की मुख्यमंत्री होने के नाते इस कार्यक्रम में शामिल हुई थीं।
2018 में इटली और जर्मनी गई थीं ममता
इससे पहले 2018 में ममता बनर्जी ने जर्मनी और इटली का दौरा किया था। बनर्जी ने जर्मनी में इंडो-जर्मन कॉमर्स इंडस्ट्रीज के प्रोग्राम में हिस्सा लिया था। इसके साथ ही इटली में शारदोत्सव और विश्व बंग वाणिज्य सम्मेलन में भी वे शामिल हुई थीं।