अमिताभ बच्चन के 51 लाख, बिहार के बाढ़ पीड़ितों की मदद

सुपरस्टार अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) ने बिहार सरकार (Bihar Government) को 51 लाख रुपए की राशि दान दी है | ये राशि सीधे मुख्यमंत्री आपदा कोष (CM Relief Fund) में डोनेट की गई है | अमिताभ बच्चन ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को एक पत्र भी लिखा जो चार अक्टूबर का है | पत्र में बताया गया है कि भारी बारिश के बाद राजधानी पटना में हुए जल जमाव और तबाही से उबरने में मदद के लिए उनकी ओर से ये राशि दी गई है |
बता दें कि बिहार में बाढ़, भारी बारिश और जल जमाव से बुरे हालात हैं | राज्य में 160 से ज्यादा लोगों की इससे मौत हो चुकी है | इसके बाद अब जबकि पानी उतर रहा है, महामारी का खतरा मंडरा रहा है | पूरे राज्य में डेंगू और चिकुनगुनिया से प्रभावित लोगों की संख्या 900 के पार पहुंच गई है | जिसमें अकेले पटना में करीब 520 मामले हैं | शनिवार को डेंगू के 120 मामले पॉजिटिव पाए गए | जबकि चिकुनगुनिया के भी 70 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं |
वहीं पटना में अचानक जलजमाव से आई बाढ़ से दुर्दशा के बाद चारों ओर से घिरे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सहयोगी पार्टी बीजेपी का भी साथ नहीं मिला | केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह कई बार पटना की बाढ़ को लेकर नीतीश कुमार पर निशाना साध चुके हैं |