अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोला हमला, चिकित्सा को लेकर सरकार को घेरा
सपा के समय सुधरी चिकित्सा सेवाओं पर लगातार खर्च किया जाता तो ऐसा न होता

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर प्रदेश की भाजपा सरकार पर हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि, जिस तरीके से स्ट्रेचर व एम्बुलेंस की वजह से जाने जा रही है। वो बचाई जा सकती है। उत्तर प्रदेश में चिकित्सा की झूठी उपलब्धि के झूठे विज्ञापनों में जितना खर्च किया जाता है, उसका थोड़ा सा हिस्सा भी अगर सपा के समय सुधरी चिकित्सा सेवाओं पर लगातार खर्च किया जाता तो ऐसा न होता।
भाजपा अपनी नाकामियां ढ़कने का काम कर रही
अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की दूसरी पारी में भी उत्तर प्रदेश को अपराध प्रदेश बनाने की प्रक्रिया चालू है। भाजपा का मातृ संगठन आरएसएस है और वही अपना नियंत्रण रखता है। इसका एजेण्डा ही है समाज में तनाव पैदा हो और जनता सुखचैन की जिंदगी बसर न कर सके। भाजपा आरएसएस के एजेण्डे को ही पूरा करने का काम करती है। वह उत्तर प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था को इसीलिए बढ़ावा देती है ताकि लोग असुरक्षा में तनावपूर्ण जिंदगी जीने को बाध्य हों। गाजियाबाद, बुलन्दशहर, आगरा में दिन दहाड़े लूट की घटनाएं हो रही है। झूठे विज्ञापनों और भाषणों से भाजपा अपनी नाकामियां ढ़कने का काम कर रहे हैं लेकिन सच को कब तक छुपाएंगे? जनता जानती है कि सत्ता संरक्षित अपराधी ही जब प्रदेश में खुलेआम वारदातें कर रहे हैं तो उन पर लगाम कौन लगाएगा?
फाइनेंस बैंक में बीस लाख की डकैती
अखिलेश बोले कि, बुलन्दशहर के उज्जीवन स्माल फाइनेंस बैंक में बीस लाख की डकैती पड़ गई। आगरा में व्यापारी से दिनदहाड़े लाखों की लूट हुई। एक रात में श्रीनगर महोबा के गरीबों के दस घरों का माल लेकर चोर फरार हो गए। राजधानी लखनऊ में भी हत्या, लूट की वारदातें थम नहीं रही है। भाजपा राज में न कानून का डर, न पुलिस का खौफ, उत्तर प्रदेश में है सिर्फ जंगलराज। जिस सरकार में बैंक तक सुरक्षित नहीं वहां आम आदमी की सुरक्षा का प्रश्न ही बेमानी है। भाजपा जिस तरह प्रशासन को पंगु बना रही है उससे सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है? प्रदेश में बढ़ रही अराजकता के लिए भाजपा अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है। जनता के समक्ष उसको जवाबदेही देनी होगी।