यूपी महिला सुरक्षा: फौज का सपना दिखाकर हैवानों ने लूटी आबरू, ऑटो चलाने वाली ‘मां’ के साथ दरिंदगी

उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दो युवकों ने खुद को फौजी बताकर एक महिला ऑटो चालक से सामूहिक दुष्कर्म किया। दोनों आरोपी रिश्ते में जीजा-साले हैं और आगरा घूमने आए थे। पुलिस ने दोनों को मेरठ और गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है।
फौजी बनकर महिला को बनाया निशाना
बता दें कि आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र की रहने वाली महिला अपनी बेटी की परवरिश के लिए ऑटो चलाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को रामबाग से ऑटो में सवार हुए दो युवकों ने खुद को फौजी बताया और महिला को आगरा घुमाने का प्रस्ताव दिया। बातचीत के दौरान उन्होंने महिला से उसकी निजी जिंदगी से जुड़ी जानकारी भी ले ली।
सैन्य स्कूल में दाखिले का दिया झांसा
इसी बीच आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से महिला को उसकी छह साल की बेटी के भविष्य को लेकर झांसा दिया। कहा कि वे सैन्य स्कूल में बच्ची का दाखिला करा सकते हैं। महिला उनके झांसे में आ गई और विश्वास कर बैठी।
होटल में बुलाकर की हैवानियत
जिसके बाद दोनों आरोपी महिला को बालूगंज के एक होटल में ले गए। वहां यह कहकर कि थोड़ी देर में शहर घूमने निकलेंगे, उसे होटल के कमरे में बुलाया। कमरे में जाते ही उन्होंने बंदूक के बल पर महिला से दुष्कर्म किया।
मेरठ और गाजियाबाद से पकड़े गए आरोपी
घटना के बाद रकाबगंज थाना पुलिस ने जांच शुरू की। एक आरोपी के पास से बुलंदशहर का आधार कार्ड मिला, जिससे उनकी पहचान में मदद मिली। मेरठ निवासी मुकेश और गाजियाबाद के लोनी निवासी अजय को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच में पता चला कि दोनों रिश्ते में जीजा-साले हैं।
पुलिस कर रही पूछताछ, आपराधिक इतिहास खंगाल रही
दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की भी जांच कर रही है। सोमवार को उन्हें अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।
महिलाओं की सुरक्षा पर फिर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर यूपी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। समाज में फर्जी पहचान और झूठे वादों के जरिए महिलाओं को निशाना बनाया जाना आम होता जा रहा है, जो चिंता का विषय है।