भाजपा महिला मोर्चा ने किया कांग्रेस दफ्तर के बाहर प्रदर्शन

 हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को ट्रैक्टर पर बैठाकर महिला विधायकों से रस्से से खींचवाने के मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओ ने यहां टाउन हॉल स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओ ने भूपेन्द्र हुड्डा माफी मांगो, नारी के सम्मान में नारी मैदान में,कांग्रेस पार्टी शर्म करो,राहुल-प्रियंका शर्म करो के नारे भी लगाती रही।
भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष भारती शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री का यह कार्य निंदनीय है जो वीडियो सामने आया है, उसमें हरियाणा की महिला विधायकों द्वारा खींचे जा रहे ट्रैक्टर पर हुड्डा बैठे हुए हैं,जो दिखाता है कि कांग्रेस पार्टी में महिलाओं का सम्मान करना नही सिखाया जाता है। विपक्षी दल ने ऐसा करके महिलाओं के साथ बंधुआ मजदूर जैसा व्यवहार किया है। यह बहुत चौंकाने वाला था कि पूर्व मुख्यमंत्री ट्रैक्टर पर बैठे हैं और उनकी पार्टी की महिला सदस्य उसे खींच रही हैं।
महिला मोर्चा की क्षेत्रीय मंत्री रितावली पाण्डेय ने कहा कि इस मामले में सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की चुप्पी दर्शाती है कि उनकी पार्टी में महिलाओं को ऐसा काम दिया जाता है, जिन्हें पुरुष सदस्य भी करने को तैयार नहीं होते। एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने का आह्वान करते हैं, तो वही दूसरी तरफ हुड्डा उनका स्तर गिराते हैं। ट्रैक्टर पर बैठकर महिला विधायकों को उसे खींचने पर मजबूर करते हैं।

Related Articles

Back to top button